शाजापुर/उज्जैन 28 मई (आरएनएस)। जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम नेशनल हाईवे-52 पर चलती अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। घटना लॉ कॉलेज के सामने हुई।
कार चालक अरविंद प्रजापति ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल आए। उनकी सतर्कता से कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में आग लगने की वजह वायरिंग में खराबी बताई जा रही है। आग लगते ही कार का अंदरूनी हिस्सा और उसमें रखा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पायलट किरण मौर्य और आरक्षक निलेश ने शुरुआती कार्रवाई की। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

