मंडला 28 मई (आरएनएस)। जिले के नैनपुर में पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
वार्ड क्रमांक 5 निवासी आदिल खान ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी अपाचे बाइक नैनपुर रेलवे स्टेशन के पार्किंग शेड से चोरी हो गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल देहवानी रोड स्थित प्रतीक्षालय के पास से बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय आदित्य पटैल और 19 वर्षीय पारस रकसिया के रूप में हुई है। दोनों नैनपुर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।

