बिलासपुर 29 मई (आरएनएस) रात के अंधेरे में चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटकर पटाखों की आतिशबाजी करना युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने ऐसा बवाल मचाया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और चालक समेत संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है, जहां 24 मई 2026 की रात रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 10 BP 3926 में खतरनाक तरीके से जन्मदिन मनाने का वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में चलती गाड़ी के ऊपर केक रखकर काटा जा रहा था और पटाखे जलाकर आतिशबाजी की जा रही थी, जिससे न केवल यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई। वीडियो सामने आते ही कोनी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और वाहन की तलाश शुरू की। जांच के दौरान स्कॉर्पियो को पकड़कर थाना कोनी लाया गया। पूछताछ में चालक की पहचान अरविंद सैनी पिता राकेश सैनी, उम्र 31 वर्ष, निवासी कुदुदंड बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में चालक ने वाहन से यातायात नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार किया। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के साथ उसकी महिला मित्र के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर लाइक्स और वायरल होने की होड़ में जानलेवा स्टंट करने वालों को चेतावनी दी है कि सड़क कोई जश्न मनाने की जगह नहीं, नियम तोड़ने की कीमत कानून के सामने चुकानी ही पड़ती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

