कांकेर 29 मई (आरएनएस) “करीब चार दशक तक कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले तीन अनुभवी पुलिस अधिकारी जब आखिरी बार वर्दी में मंच पर पहुंचे तो माहौल सम्मान, गर्व और भावनाओं से भर उठा।” उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित गरिमामय विदाई समारोह में उप निरीक्षक अनंत राम पाण्डेय, उप निरीक्षक रामखेलावन कोल और सहायक उप निरीक्षक जगदेव नेताम को सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति दी गई। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में तीनों अधिकारियों की दीर्घ, अनुशासित और सराहनीय सेवाओं को याद करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उप निरीक्षक अनंत राम पाण्डेय ने वर्ष 1989 में दंतेवाड़ा से आरक्षक के रूप में सेवा शुरू की थी और लगभग 37 वर्षों के दौरान दंतेवाड़ा, बीजापुर, जगदलपुर, कोण्डागांव और कांकेर समेत कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। डीसीबी शाखा में रहते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण और विभागीय समन्वय में उल्लेखनीय भूमिका अदा की। उप निरीक्षक रामखेलावन कोल ने वर्ष 1992 में पुलिस सेवा शुरू की और विशेष शाखा में कार्य करते हुए गोपनीय सूचनाओं के संकलन, विश्लेषण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम योगदान दिया। वहीं सहायक उप निरीक्षक जगदेव नेताम ने वर्ष 1987 में अपनी सेवा शुरू कर जगदलपुर और कांकेर में विभिन्न पदों पर रहते हुए उत्कृष्ट कार्य किया। समारोह में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तीनों सेवानिवृत्त अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और विभाग के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके योगदान की खुलकर सराहना की। इस दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भावुक बना दिया। विदाई के अवसर पर अधिकारियों ने तीनों के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बहरहाल, वर्दी भले उतर गई हो, लेकिन सेवा, ईमानदारी और समर्पण की उनकी मिसाल आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी।


