बलौदाबाजार-भाटापारा 29 मई (आरएनएस) एक क्लिक में खाते से उड़ाए गए एक लाख रुपये जब वापस मिले तो पीड़ित महिला की आंखों में राहत और चेहरे पर मुस्कान लौट आई। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने साइबर ठगी का शिकार हुई महिला को बड़ी राहत दिलाते हुए ठगी गई पूरी राशि वापस करा दी। मामला ग्राम सिसदेवरी की रहने वाली श्रीमती लता बाई फेकर से जुड़ा है, जिन्होंने अपने साथ हुई ऑनलाइन साइबर ठगी की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन माध्यम से उनके खाते से 1 लाख रुपये की ठगी कर ली थी। शिकायत मिलते ही बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित बैंक तथा साइबर एजेंसियों से तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी प्रयासों के चलते ठगी गई राशि को समय रहते होल्ड करा लिया गया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और शुक्रवार को थाना पलारी में होल्ड की गई पूरी 1 लाख रुपये की राशि प्रार्थिया को वापस सौंप दी गई। अपनी मेहनत की रकम वापस मिलने पर लता बाई फेकर ने बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित एवं सराहनीय कार्यवाही की प्रशंसा की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक या साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर दी गई सूचना ठगी गई रकम वापस मिलने की संभावना को कई गुना बढ़ा देती है। बहरहाल, यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई में जागरूक नागरिक और त्वरित पुलिस कार्रवाई सबसे बड़ा हथियार हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

