बिलासपुर 29 मई (आरएनएस) सिर्फ छह दिन के लिए घर बंद कर बाहर जाना एक परिवार को भारी पड़ गया, लेकिन चोर की चालाकी मिशन सिक्योर सिटी के कैमरों और पुलिस की तकनीकी जांच के आगे ज्यादा देर नहीं टिक सकी। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मामला 13 मई 2026 का है, जब प्रार्थी अपनी सास की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर पत्नी के साथ राजिम चला गया था और अपने किराये के मकान में ताला लगाकर गया था। 19 मई की शाम करीब 5:30 बजे मोहल्ले वालों ने फोन कर बताया कि मकान का ताला टूटा हुआ है। प्रार्थी तत्काल घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे सोना-चांदी के जेवर गायब थे। शिकायत पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मिशन सिक्योर सिटी के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विशाल अग्रवाल पिता पवन कुमार अग्रवाल उम्र 33 वर्ष निवासी किराये का मकान, श्याम परिसर, यदुनंदन नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवर बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के कुछ जेवर उसने सरकण्डा निवासी सोनार राजेश सोनी पिता स्वर्गीय नारायण सोनी उम्र 56 वर्ष, निवासी गया विहार, थाना सरकण्डा को बेच दिए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने के कान के टॉप्स, मांग टीका और अंगूठी भी जब्त कर ली। बहरहाल, यह कार्रवाई साबित करती है कि अब अपराधी चाहे जितनी सफाई से वारदात करें, कैमरों की नजर और तकनीकी जांच से बच निकलना आसान नहीं रह गया है।


