बिलासपुर 29 मई (आरएनएस) पति को रास्ते से हटाने के लिए रची गई प्रेम, धोखे और हत्या की सनसनीखेज साजिश का एक और बड़ा राज खुल गया है। सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी के प्रेमी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पीछा कर रही पुलिस टीम ने आखिरकार उसे दबोच लिया। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अपराध क्रमांक 378/2026 से जुड़ा है, जिसमें बीएनएस की धारा 103(1), 61 और 238 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आया कि मृतक विनोद लोमदा को उसकी पत्नी पूनम लोमदा ने पैसे दिलाने का झांसा देकर झारखंड से बिलासपुर बुलाया था। आरोप है कि 19 मई 2026 की सुबह करीब 3 बजे से 5 बजे के बीच बिलासपुर रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पटरी किनारे पूनम लोमदा ने अपने प्रेमी सुगड टोप्पनो और उसके साथियों के साथ मिलकर विनोद लोमदा की हत्या करवा दी। आरोपियों ने पहले गमछे से गला घोंटा और फिर चाकू से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक के किनारे पानी और कीचड़ से भरे क्षेत्र में फेंक दिया गया। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने मृतक की पत्नी पूनम लोमदा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था, जबकि उसका प्रेमी सुगड टोप्पनो फरार हो गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम झारखंड पहुंची और आरोपी सुगड टोप्पनो पिता सिपरयन टोप्पनो उम्र 27 वर्ष निवासी रंगामाटी, थाना अनंतपुर, तहसील बाबूखेड़ा, जिला रांची (झारखंड), हाल मुकाम प्रगति नगर सिरगिट्टी को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाई। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बहरहाल, यह मामला दिखाता है कि रिश्तों की आड़ में रची गई सबसे खतरनाक साजिश भी कानून की पकड़ से ज्यादा दिन तक बच नहीं सकती।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

