शिक्षकों को नई शिक्षा नीति और गतिविधि आधारित शिक्षण की दी जानकारी
सिरसा 29 मई (आरएनएस)। शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल, सरसा के कॉन्फ्रेंस हॉल में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2023 विषय पर ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षा नीति और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में स्कूल प्रशासक डॉ. हरदीप सिंह इन्सां, प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां सहित समस्त स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा। सेमिनार में सीबीएसई रिसोर्स पर्सन गुरप्रीत सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीएफएसई-2023 का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से सक्षम बनाना नहीं, बल्कि उन्हें नैतिक, सामाजिक और व्यावसायिक रूप से भी मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली में रटने की बजाय समझ, अनुभव और रचनात्मकता को अधिक महत्व दिया जा रहा है।
उन्होंने शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण, प्रोजेक्ट वर्क और अनुभवात्मक लर्निंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों की व्यक्तिगत क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के प्रभावी तरीकों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की भावना विकसित करने पर विशेष बल देती है। सेमिनार के दौरान शिक्षकों ने भी नई शिक्षा नीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। शिक्षकों ने सेमिनार को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रशासक डॉ. हरदीप सिंह इन्सां और प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां ने सीबीएसई रिसोर्स पर्सन गुरप्रीत सिंह का आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार हो रहे बदलावों के अनुसार शिक्षकों को समय-समय पर प्रशिक्षण प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की कार्यशैली को अधिक प्रभावी बनाते हैं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

