शहर के अनेक स्थानों पर लगाए मिट्टी के सकोरे
सिरसा 29 मई (आरएनएस)। बाबा सरसाईनाथ सेवा ट्रस्ट (रजि. 2116) द्वारा भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने हेतु वीरवार को सिरसा शहर में विशेष सेवा अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत यातायात थाना सिरसा में थाना प्रभारी यातायात धर्मचंद जाखड़ के नेतृत्व में पक्षियों के पानी पीने के लिए सकोरे वृक्षों पर बांधे गए तथा उनमें पानी डाला गया। इसके साथ-साथ पुलिस लाइन एवं शहर के अन्य विभिन्न स्थानों पर भी वृक्षों पर सकोरे टांगे गए, ताकि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पीने के लिए पानी उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर बोलते हुए थाना प्रभारी यातायात धर्मचंद जाखड़ ने बाबा सरसाईनाथ सेवा ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार मानव सेवा के साथ-साथ जीव-जंतुओं एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी प्रेरणादायक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के समय में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना बहुत बड़ा पुण्य कार्य है तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं को भी इस प्रकार के सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। ट्रस्ट के प्रधान रविंद्र सैनी ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर ट्रस्ट द्वारा भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध करवाने का यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, दुकान और आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा सरसाईनाथ सेवा ट्रस्ट भविष्य में भी समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी सरदार रणजीत सिंह टक्कर, डा. सुमित सैनी, नरेंद्र सिंह रावत एमडी सूर्यांश सोलर कंपनी, सुल्तान सैनी, अध्यापक गोविंद गौतम, चंद्रमोहन सिंगला सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

