सिरसा 29 मई (आरएनएस)। राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस 5 जून के उपलक्ष्य में जिला सिरसा के सभी शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत कम से कम 100 स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों में सीड बॉल तैयार कर उनका वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न प्रकार के पौधों की नर्सरी एवं सीडलिंग भी तैयार की जाएंगी, जिनका पुनरोपण जुलाई माह में मानसून आगमन के दौरान किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पर्यावरण संरक्षण टीम के प्रमुख तथा सीडीएलयू के पर्यावरण मामलों के मानद सलाहकार मित्तर सैन गर्ग ने बताया कि इस अभियान के तहत जुलाई तक बीज एकत्रित करने तथा सीडलिंग तैयार करने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। वर्तमान समय में सुहांजना, बेलगिरी, कीकर, अल्बिजिया, अमलतास आदि के बीज आसानी से उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग सीड बॉल तैयार करने में किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त पापड़ी, मौलश्री, सिरस, आंवला तथा विभिन्न फलदार वृक्षों के बीज भी इस उद्देश्य के लिए उपयोग में लाए जाएंगे। मित्तर सैन गर्ग के अनुसार 50 हजार सीड बॉल तैयार कर उन्हें विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आमजन में वितरित किया जाएगा, ताकि मानसून के दौरान अधिक से अधिक पौधे विकसित हो सकें। इस प्रक्रिया में प्लास्टिक एवं पॉलीथीन बैग के उपयोग से भी बचा जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश और अधिक प्रभावी रूप से दिया जा सके। सीडीएलयू में संचालित इस पर्यावरण हितैषी गतिविधि की कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाली पीढिय़ों के लिए पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

