सिरसा 29 मई (आरएनएस)। उपायुक्त सिरसा द्वारा आयोजित एनसीओआरडी बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिला नागरिक अस्पताल, सिरसा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय- मौजूखेड़ा, साहुवाला प्रथम व जीएसएसएस पोहड़का जिला सिरसा के विद्यार्थियों ने भ्रमण किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा। इस अवसर पर नशा मुक्ति केंद्र एवं मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों डा. पंकज शर्मा उप सिविल सर्जन मानसिक स्वास्थ्य सिरसा, डा. अवतार सिंह मनोचिकित्सक द्वारा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, नशे की रोकथाम, नशीले पदार्थों के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभाव तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। विशेष जागरूकता सत्र के दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं जीवन में सही निर्णय लेने के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों, परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, उपचार सुविधाओं एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने इस जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशा मुक्त समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाया जा सके तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके। इस मौके पर कृतिका सैनी मनोवैज्ञानिक, हरमीत मनोरोग नर्स, अजय सिंह सोशल वर्कर, गौरव केस रजिस्ट्री सहायक भी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

