धमतरी 29 मई (आरएनएस)। पंचायत उप निर्वाचन से पहले धमतरी जिले में कानून तोड़ने वालों की अब खैर नहीं है। वारंटियों की धरपकड़, अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा, हथियारबंद असामाजिक तत्वों की निगरानी और सीमाओं पर सघन चेकिंग के साथ धमतरी पुलिस पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। आगामी त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पुलिस लाइन रूद्री में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग लेकर सख्त निर्देश जारी किए। जिले में 1 जून को मतदान और 4 जून को मतगणना होनी है। अर्जुनी, कुरूद, भखारा और करेली क्षेत्र के अंतर्गत बिरेतरा, लीलर, बागोडर, कुहकुहा, गोबरा, सिवनीकला, सेमरा बी, चर्रा और मोतिमपुर सहित 10 मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। एसपी ने निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग, प्रभावी आसूचना संकलन और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबित स्थायी वारंट और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली तेज करने, जमानत पर रिहा अपराधियों पर नजर रखने, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा अवैध हथियार रखने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर विशेष चेक पोस्ट सक्रिय कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच भी तेज कर दी गई है। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध हथियार, शराब या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचना तत्काल पुलिस को दें। बहरहाल, चुनावी माहौल में धमतरी पुलिस का संदेश साफ है—कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और मतदान हर हाल में शांतिपूर्ण कराया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

