बागेश्वर 29 मई (आरएनएस)। नव नियुक्त जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने कहा कि जनपद में पलायन रोकने के लिए स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार और आजीविका के अवसर विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी बड़ी चुनौती है, जिसे दूर करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। वर्ष 2018 बैच की आईएएस अधिकारी अपूर्वा पांडेय इससे पहले रानीखेत, रुड़की, देहरादून तथा अपर सचिव पेयजल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है।
लंबित पेयजल योजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूरा कराया जाएगा। जल जीवन मिशन के तहत लंबित धनराशि जल्द मिलने की उम्मीद है। कहा कि जनपद में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रिक्त पदों को भरने के प्रयास किए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। वहीं, जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या के समाधान के लिए परीक्षण आधारित पहल की जाएगी। नगर क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्याओं पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

