बागेश्वर 29 मई (आरएनएस)। उच्च हिमालयी क्षेत्र स्थित 5922 मीटर ऊंची माउंट बलजोरी पीक पर पर्वतारोहियों के दल ने सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। स्थानीय संस्था ‘देवभूमि एडवेंचरÓ के नेतृत्व में संचालित इस अभियान ने जिले में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दी है। अभियान का नेतृत्व अनुभवी पर्वतारोही एवं गाइड दिनेश सिंह दानू कर रहे थे, जबकि ग्रुप लीडर की जिम्मेदारी अमित बनर्जी ने संभाली। 14 सदस्यीय दल ने खाती-द्वाली मार्ग से कठिन और तीव्र ढलानों को पार करते हुए बेस कैंप तक पहुंच बनाई। इसके बाद रणनीति के तहत कैंप-1 तक सामान पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई और फिर टीम कैंप-2 तक पहुंची।
माउंट बलजोरी की अंतिम और सबसे चुनौतीपूर्ण चढ़ाई के लिए दल ने रात एक बजे कैंप-2 से प्रस्थान किया। कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवाओं और दुर्गम रास्तों के बीच छह पर्वतारोहियों ने सुबह 6:15 बजे शिखर पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। शिखर फतह करने वालों में अरिंदम, रजत, सुमन, सोमु और पूनम प्रोमिता शामिल रहे। अभियान में अर्जुमा, संतानों अंजली सहित स्थानीय सपोर्ट टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गाइड दिनेश सिंह दानू ने बताया कि अनुकूल मौसम, टीम वर्क और बेहतर समन्वय के कारण यह चुनौतीपूर्ण अभियान सुरक्षित और सफल रहा। इस उपलब्धि से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण गतिविधियों को नई प्रेरणा मिली है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

