रुद्रपुर 29 मई (आरएनएस)। सुरई रेंज में आपसी संघर्ष में एक बाघ के शावक की मौत हो गई। लगातार 24 घंटे के भीतर खटीमा क्षेत्र की दो अलग-अलग वन रेंजों में दो जंगली जानवरों की मौत होने से वन विभाग में चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों ने वन्यजीवों के बीच बढ़ रहे संघर्ष को गंभीर मानते हुए निगरानी बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को हाथी गणना के दौरान किलपुरा रेंज में एक हाथी का शव मिला था। प्रारंभिक जांच में हाथी की मौत आपसी संघर्ष में होना सामने आया था। इसके कुछ घंटों बाद सुरई रेंज में भी बाघ के शावक का शव मिलने से वन विभाग सतर्क हो गया। वन विभाग की गश्ती टीम को कक्ष संख्या 55 में वन कर्मी राहुल और वन दरोगा राजू दास ने शावक का शव देखा। सूचना मिलते ही सुरई रेंजर आरएस मनराल, एसडीओ संचिता वर्मा और डीएफओ हिमांशु बागड़ी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। बाद में शव को सुरई गेस्ट हाउस लाया गया, जहां पशु चिकित्सक राहुल सती, हिमांशु पांगती की टीम ने पोस्टमार्टम किया। रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि शावक के गले पर चोट के निशान मिले हैं और आसपास नर बाघ के पदचिह्न भी पाए गए हैं। इससे शावक की मौत आपसी संघर्ष में होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

