रुद्रपुर 29 मई (आरएनएस)। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने के लिए शासन ने पहल शुरू कर दी है।सरकारी विद्यालयों में खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत जिले के 11 राजकीय इंटर कॉलेजों में खेल मैदान और ओपन जिम विकसित किए जाएंगे। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने इस संबंध में प्रक्रिया तेज करते हुए संबंधित विद्यालयों को भूमि हस्तांतरण और प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, योजना में रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, किच्छा, सितारगंज, दिनेशपुर, बाजपुर, गदरपुर और नानकमत्ता के प्रमुख राजकीय इंटर कॉलेज शामिल किए गए हैं। रुद्रपुर और काशीपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भी योजना का हिस्सा बनाए गए हैं। शासन की मंशा है कि विद्यालय स्तर पर ही युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी आगे बढ़ सकें। खेल मैदानों के साथ ओपन जिम की स्थापना होने से छात्र-छात्राओं और स्थानीय युवाओं को नियमित शारीरिक गतिविधियों और फिटनेस के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। विभागीय पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित विद्यालयों की भूमि नियमानुसार निशुल्क हस्तांतरित कराने की प्रक्रिया पूरी कर एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव उपलब्ध कराए जाएं। प्रस्ताव मिलने के बाद निर्माण कार्य की स्वीकृति और आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
इन विद्यालयों में बनेंगे खेल मैदान और ओपन जिम:-
राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रपुर
राजकीय इंटर कॉलेज काशीपुर
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज काशीपुर
राजकीय इंटर कॉलेज जसपुर
राजकीय इंटर कॉलेज किच्छा
राजकीय इंटर कॉलेज सितारगंज
राजकीय इंटर कॉलेज दिनेशपुर
राजकीय इंटर कॉलेज बाजपुर
राजकीय इंटर कॉलेज गदरपुर
राजकीय इंटर कॉलेज नानकमत्ता
जिले के विभिन्न विद्यालयों में खेल मैदान और ओपन जिम विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्ताव मिलने के बाद आगे की स्वीकृति और निर्माण कार्य कराया जाएगा। -भूपेंद्र रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

