भोपाल 29 मई (आरएनएस)। छोला मंदिर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती के साथ चार साल तक लिव-इन रिलेशन में रहा और इस दौरान उसके निजी वीडियो बना लिए। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे करीब चार लाख रुपए वसूल लिए।
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय पीडि़ता की पहचान वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से अंकित अहिरवार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और आरोपी युवती को अपने साथ लिव-इन में रहने के लिए राजी कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जब पीडि़ता को इसकी जानकारी लगी और उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। इसी बीच उसने युवती के निजी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर और बदनामी के कारण पीडि़ता ने आरोपी को अलग-अलग समय पर करीब चार लाख रुपए दे दिए।
बाद में पीडि़ता ने किसी अन्य युवक से शादी कर ली, लेकिन आरोपी उसे लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परेशान करता रहा। मानसिक प्रताडऩा से तंग आकर पीडि़ता ने छोला मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

