भोपाल 29 मई (आरएनएस)। निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित संजीव नगर इलाके में शुक्रवार को एक कमरे से 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उनकी मौत करीब 2-3 दिन पहले हो चुकी थी। हालांकि व्यक्ति की मौत कैसे हुई अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह एक स्थानीय निवासी ने सूचना दी कि पास के कमरे से तेज बदबू आ रही है। फिर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया, जहां अंदर मुकेश का शव पड़ा मिला। शव काफी खराब अवस्था में था।
मृतक के परिजनों ने बताया कि उन्हें गुरुवार की रात करीब 2 बजे पुलिस का फोन आया। कि आपके किराए के घर से एक शव मिला है, जिसकी पहचान के लिए मौके पर आने को कहा गया। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे और शव की पहचान मुकेश के रूप में की।
परिजनों के अनुसार मुकेश संजीव नगर में अकेले रहते थे और हलवाई की दुकान पर काम करते थे। उनका पूरा परिवार बैरागढ़ क्षेत्र में रहता है। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से उनसे कोई बातचीत नहीं हो पाई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मामले की जांच जारी है।

