शुजालपुर 29 मई (आरएनएस)। शुजालपुर मंडी में एक ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। युवती सरकारी अस्पताल में ओपीडी कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवती को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गुरुवार सुबह की है।
पुलिस के अनुसार, किला मोहल्ला निवासी लेखराज सक्सेना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी भतीजी ऋषिका सक्सेना (20) अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से शुजालपुर मंडी स्थित सरकारी अस्पताल ड्यूटी पर जा रही थी। लेखराज भी अपनी बाइक से ऋषिका के पीछे चल रहे थे।
सुबह करीब 11:06 बजे पीछे से आए एक ट्रक चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऋषिका के दाहिने हाथ, सिर और पैर में चोटें आईं। दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगने के कारण उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फरियादी लेखराज सक्सेना ने ट्रक का नंबर आरजे 11 जीए 6898 बताया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

