भोपाल,30 मई(आरएनएस)। गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में शुभम एंटरप्राइजेस फैक्ट्री में आग लग गई। फैक्ट्री में कई टन लकड़ी, केमिकल, थ्रिनर आदि भरा था। इससे आग ज्यादा भभक गई। नगर निगम की दमकलों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। बिल्डिंग के स्ट्रक्चर को तोड़कर आग बुझाई। हालांकि, शनिवार दोपहर तक आग सुलगती रही।
आग लगने की घटना शुक्रवार-शनिवार की देर रात हुई। सूचना मिलने पर गांधीनगर, गोविंदपुरा, कोलार, बैरागढ़, फतेहगढ़, आईएसबीटी, कबाडख़ाना फायर स्टेशन से दमकलें और पानी के टैंकर पहुंचे। सुबह 9 बजे तक आग की लपटें काबू में आ पाईं, लेकिन इसके बाद भी लकड़ी और केमिकल में आग भभकती रही। इसलिए दमकलें तैनात की गई हैं।
फायर प्रभारी सौरभ पटेल, फायर फाइटर पंकज यादव, सहायक प्रभारी विजय त्रिपाठी समेत निगम के 50 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी रातभर जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार, जिस फैक्ट्री में आग लगी, उसमें बड़े स्तर पर प्लाईवुड, लकड़ी के दरवाजे और ब्लैक बोर्ड बनाए जाते हैं। फैक्ट्री में कई टन लकड़ी का सामान भरा हुआ था। वहीं, उसमें काम आने वाले केमिकल, थ्रिनर भी रखा था। इसलिए पानी डालने के बाद भी आग काबू में नहीं आ पा रही थी।
फायर फाइटर पंकज ने बताया कि दो जेसीबी की मदद से फैक्ट्री की बिल्डिंग का स्ट्रक्चर गिरा गया। इसके बाद जेसीबी से ही लकड़ी अलग-अलग की गई। फिर आग बुझाने का काम हुआ। केमिकल की वजह से आग बुझने की बजाय भड़क रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम इंटरप्राइजेस के पास में ही तीन से चार फैक्ट्री थी। यह आग की चपेट में न आए, इसलिए निगम अमले को मशक्कत करना पड़ी। कनेक्टिंग पाइंट पर लगातार पानी डाला गया। इससे आग आगे नहीं बढ़ सकी।
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। इसकी पुलिस जांच कर रही है। आग की वजह से करोड़ों रुपए का नुकसान होना सामने आया है। आग बुझाने में करीब 100 टैंकर पानी लग गया।

