बालाघाट,30 मई(आरएनएस)। जबलपुर संभाग के बालाघाट जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित आरोह 2026 ग्रीष्मकालीन खेल शिविर के 29वें दिन खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्थानीय व्यवसायियों ने खेल गतिविधियों में सहयोग का हाथ बढ़ाया। इसी क्रम में शनिवार सुबह मुलना स्टेडियम स्थित कराटे प्रशिक्षण केंद्र में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राइस मिल व्यवसायी महेंद्र पारधी, बिल्डिंग व्यवसायी गणेश बिसेन, जिला एथलेटिक संघ अध्यक्ष नरेश धुवारे तथा आहिल्या कन्हार फिजिकल क्लब के सचिव शैलेंद्र यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने कराटे शिविर में प्रशिक्षण ले रहे बालक-बालिकाओं से परिचय प्राप्त कर उनकी खेल संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
इस दौरान खिलाडिय़ों त्विशा सोमनकर और अविका बघेल ने कराटे की कुमीते फाइट का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। खिलाडिय़ों के प्रदर्शन से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि महेंद्र पारधी ने मुलना स्टेडियम में कराटे खिलाडिय़ों, युवाओं और आमजन को खेलों के प्रति प्रेरित एवं जागरूक करने के उद्देश्य से ‘खेल सेल्फी स्टैंडÓ का निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह एक अभिनव पहल होगी, जिससे खेल गतिविधियों का प्रचार-प्रसार होगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी।
गौरतलब है कि खेल सेल्फी स्टैंड की मांग खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों द्वारा पूर्व में की गई थी, जिस पर महेंद्र पारधी ने सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया है। कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी बालाघाट के अजय ठाकुर ने किया, जबकि अंत में जिला कराटे प्रशिक्षक सजिन्द्र कृष्णन ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

