बिलासपुर 30 मई (आरएनएस) नदी किनारे 52 पत्ती की महफिल सजी थी, दांव पर रुपये लग रहे थे और जीत-हार का खेल पूरे शबाब पर था, लेकिन जुआरियों को अंदाजा नहीं था कि पुलिस की नजर उन पर टिक चुकी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से नगदी, ताश पत्ती, तीन मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित एक लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टा खेलने-खिलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर सूचना जुटाई। पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि ग्राम उड़नताल स्थित अग्रवाल फार्म हाउस के पीछे नदी किनारे कुछ लोग हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मनीष टंडन (32) निवासी उड़नताल, हरीश यादव (40) निवासी चकरभाठा और लक्ष्मण भारद्वाज (35) निवासी दगौरी शामिल हैं। तलाशी के दौरान फड़ से 8,090 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, बोरी फट्टी, तीन मोटरसाइकिल कीमत लगभग एक लाख रुपये तथा तीन मोबाइल फोन कीमत 40 हजार रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक सुमन चंद्रवंशी, संतोष मरकाम और मुकेश दिव्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बहरहाल, बिल्हा पुलिस का साफ संदेश है कि सार्वजनिक जगहों पर जुए की महफिल सजाने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, क्योंकि कानून के दांव में फंसने के बाद कोई भी बाजी जीत में नहीं बदलती।

