कांकेर 31 मई (आरएनएस) शादी समारोह की खुशियों के बीच चुपचाप बैग से नकदी और चांदी के जेवर उड़ाने वाला शातिर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र में हुए इस चोरी कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन और एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। प्रार्थिया ने थाना बड़गांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 मई 2026 को वह अपने भाई शंकर सलाम के विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गांव आई थी। समारोह के दौरान उसने अपना लाल रंग का बैग एक कमरे में रखा था, जहां अन्य लोगों के बैग भी रखे थे। बैग में रखे पर्स में 5 हजार रुपये नकद और एक जोड़ी पुरानी चांदी की पायल थी। कुछ समय बाद पर्स समेत पूरा सामान गायब मिला।
शिकायत के बाद थाना बड़गांव में अपराध क्रमांक 12/2026 के तहत धारा 305 और 312 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर ग्राम मसूर निवासी राजाऊ राम वड्डे पिता श्याम सिंह वड्डे, उम्र 25 वर्ष, निवासी स्कूलपारा मसूर, थाना बड़गांव, जिला उत्तर बस्तर कांकेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर एक जोड़ी पुरानी चांदी की पायल, एक अन्य जोड़ी चांदी की पायल तथा एक जोड़ी बिछिया बरामद की गई। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बहरहाल, शादी समारोह में मौका देखकर चोरी करने वाला आरोपी अब सलाखों के पीछे है, लेकिन यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

