जगदलपुर 31 मई (आरएनएस) युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने की साजिश रच रहे दो तस्करों पर बस्तर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। मेटगुड़ा की डोंगरी में ग्राहक का इंतजार कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों दबोचते हुए पुलिस ने 96 हजार रुपये कीमत की प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद की है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 31 मई 2026 को बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मेटगुड़ा स्थित डोंगरी में दो व्यक्ति कैरी बैग में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आकाश पोया (21 वर्ष), पिता बिहारी लाल पोया, निवासी महारानी वार्ड जगदलपुर तथा राड्रिक सोमा (42 वर्ष), पिता स्व. एरिक्शन सोमा, निवासी मदर टेरेसा वार्ड जगदलपुर बताया। उनके संयुक्त कब्जे से बरामद कैरी बैग की तलाशी लेने पर Pyeevon Spas Plus Tramadol HCL की 30 पत्तियों में कुल 240 नशीली कैप्सूल मिलीं, जिनकी अनुमानित कीमत 96 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी प्रतिबंधित दवा रखने, परिवहन करने और बिक्री करने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर दोनों के खिलाफ धारा 21(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि बस्तर पुलिस का नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई और तेज होने के संकेत हैं।

