शहडोल 31 मई (आरएनएस)। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के कमता में एक पेट्रोल पंप संचालक को धमकी देने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। डीजल की मांग को लेकर हुए इस विवाद के बाद संचालक ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
भारत पेट्रोलियम के डीलर मो. नादिर खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्तमान में डीजल और पेट्रोल का स्टॉक सीमित है। शुक्रवार रात जब कमता निवासी प्रतीक बरगाही उर्फ सिब्बू बरगाही पंप पर पहुंचा, तो उसने कर्मचारियों पर ज्यादा डीजल देने का दबाव बनाया।
स्टॉक कम होने के कारण जब कर्मचारियों ने मना किया, तो युवक ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
संचालक का आरोप है कि आरोपी युवक ने घटना का वीडियो बना लिया और अब उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। शिकायत के अनुसार, युवक ने 50 लीटर डीजल की मांग की और मांग पूरी न होने पर पंप में आग लगाने, पंप बंद करवाने और पुलिस में शिकायत करने पर बंदूक से हमला करने की धमकी दी है।
मो. नादिर खान ने आवेदन में कहा है कि रात के समय वह और उनके बेटे पंप पर रहते हैं, ऐसे में आरोपी की धमकियों से उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने का आग्रह किया है।
जैतपुर थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें लिखित शिकायत मिल गई है। पुलिस फिलहाल आरोपों की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

