उज्जैन 31 मई (आरएनएस)। गांधी नगर निवासी एक युवक ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाते हुए नई धार्मिक पहचान ग्रहण की है। धार्मिक अनुष्ठान के बाद युवक का नया नाम ‘शांतनुÓ रखा गया तथा उन्हें कश्यप गोत्र प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम रविवार को गंगाघाट स्थित मौनतीर्थ आश्रम में संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, पूर्व में सलमान खान नाम से पहचाने जाने वाले युवक ने सनातन धर्म अपनाने की इच्छा जताते हुए जिला दंडाधिकारी को आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया था कि यह निर्णय उन्होंने बिना किसी दबाव, प्रलोभन या जबरदस्ती के अपनी स्वेच्छा से लिया है।
शांतनु ने बताया कि बचपन से ही उनकी सनातन धर्म, उसकी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों में गहरी आस्था रही है। वह समय-समय पर मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में शामिल होते रहे हैं तथा सनातन संस्कृति से प्रभावित होकर लंबे समय से इस धर्म को अपनाने की इच्छा रखते थे।
मौनतीर्थ आश्रम में डॉ. सुमनानंद गिरी महाराज के सान्निध्य में धर्म प्रवेश की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान शिप्रा नदी में दशविधि स्नान, प्रायश्चित कर्म, पंचगव्य सेवन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक संस्कार सम्पन्न हुए।
शांतनु ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा अपने मित्र पीयूष रघुवंशी के साथ साझा की थी। इसके बाद कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से धर्म प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय कार्यकर्ता और श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।
युवक ने बताया कि उनके परिवार में माता-पिता और भाई-बहन हैं, लेकिन इस निर्णय को लेकर उन्हें परिवार का समर्थन नहीं मिला है। फिलहाल उन्हें धर्म प्रवेश की प्रक्रिया में सहयोग करने वाले लोगों का साथ प्राप्त हो रहा है।
पेशे से कारीगर शांतनु ने कहा कि उन्हें अपने हुनर और कार्यकुशलता पर भरोसा है तथा वे अपने कौशल के आधार पर सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकते हैं। गौरतलब है कि मौनतीर्थ आश्रम पूर्व में भी धार्मिक दीक्षा और संस्कार कार्यक्रमों के कारण चर्चा में रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

