आगर मालवा 31 मई (आरएनएस)। जिले की बड़ौद पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई में 102.250 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत लगभग 11.60 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गरोठ हाईवे पर लक्ष्मी ढाबा क्षेत्र में प्रभात गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की सिल्वर स्विफ्ट कार और एक बाइक संदिग्ध अवस्था में आती दिखी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उनके चालक वाहन भगाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
ग्राम गुराडिय़ा स्थित गौशाला के पीछे खेतों की ओर भागते समय, आरोपियों ने पुलिस की घेराबंदी के दबाव में अपने वाहन छोड़ दिए और अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। मौके पर एक नाले में फंसी स्विफ्ट कार और खेत की मेड़ पर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक बरामद हुई।
वाहनों की तलाशी लेने पर बाइक और कार से कुल पांच बोरों में भरा 102.250 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी मिला, जिसके तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने रामाखेड़ी निवासी राजेंद्रसिंह पिता दिलीपसिंह सौंधिया (34) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थ के परिवहन नेटवर्क और अन्य संबंधित जानकारी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

