झाबुआ।(आरएनएस)। थांदला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक अनोखे तरीके का पर्दाफाश करते हुए बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ने एक आयशर ट्रक की छत में बने गुप्त हिस्से से 111 पेटी अवैध शराब बरामद की।
शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि राजस्थान से गुजरात की ओर एक आयशर वाहन में शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इस पर थाना प्रभारी अशोक कनेश के नेतृत्व में टीम गठित की गई और टीमरवानी-परवलिया मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन को रोका गया।
प्रारंभिक जांच में वाहन खाली दिखाई दिया, लेकिन तलाशी के दौरान तस्करी का तरीका सामने आया। तस्करों ने वाहन की छत पर प्लाई लगाकर एक गुप्त चैंबर बनाया था, जिसे तिरपाल से ढक दिया गया था। इसी जगह शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। पुलिस ने मौके से चालक सुरेश कुमार, पुत्र छगन राम, निवासी रामसरिया (जिला बाड़मेर) को हिरासत में लिया है।
तलाशी में कुल 111 पेटी शराब जब्त की गई, जिसमें किंगफिशर और काल्र्सबर्ग बीयर, रॉयल स्टैग, 8 पीएम व्हिस्की और मैजिक मूमेंट वोदका शामिल हैं। कुल 1234.5 बल्क लीटर शराब और आयशर वाहन सहित जब्त माल की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे रिमांड लेकर विस्तृत जांच की जाएगी।

