पन्ना 31 मई (आरएनएस)।पन्ना पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। देवेन्द्रनगर थाना पुलिस ने इस कार्रवाई में दो पल्सर बाइक सहित लगभग 1.80 लाख रुपये का माल बरामद किया है। यह मामला देवेन्द्रनगर के वार्ड नंबर 14 (बमरी) से जुड़ा है। प्रहलाद पटेल ने 26 मई की रात शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल चोरी हो गई है।
शिकायत के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय लोगों की मदद और मुखबिरों की सूचना पर संदिग्धों की पहचान की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने चोर का पीछा किया। देवेन्द्रनगर से सतना जिले के रामपुर बघेलान (सोनोरा चौकी) तक दबिश दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार रवि (41 वर्ष, निवासी सोनोरा, सतना) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 80,000 रुपये है। इसके अलावा, चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 1,00,000 रुपये है। कुल 1,80,000 रुपये का माल बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार रवि ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस मामले में एक नाबालिग लड़के की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

