देवास 31 मई (आरएनएस)। जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को देवास बायपास स्थित रेती मंडी के पास एक कार से भारी मात्रा में देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर की ओर से मक्सी बायपास की तरफ एक ऑल्टो कार (एमपी 09 सीई 7390) में अवैध मदिरा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने रेती मंडी के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान टीम ने उक्त वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी में कार से 10 पेटी देशी मदिरा प्लेन, एक पेटी मसाला शराब और तीन पेटी बीयर कैन बरामद हुईं। कुल 135 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब का अवैध रूप से संग्रहण कर परिवहन किया जा रहा था। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।
विभाग यह भी पता लगा रहा है कि यह शराब किस दुकान से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक दीपक धुरिया, आरक्षक निहाल खत्री, दीपक तटवाड़े तथा सैनिक किशोर सिसोदिया और अनिल चौहान शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

