नीमच 31 मई (आरएनएस)। बघाना थाना क्षेत्र के दारू की नई आबादी गांव में शनिवार देर शाम एक 24 वर्षीय युवक का शव अपने घर में फांसी के फंदे पर मिला। घटना शनिवार देर शाम की है। परिजनों की सूचना पर बघाना थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान गोविंद (24), पिता दुर्गाशंकर भील, निवासी दारू नई आबादी के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा बनाया और शव को फंदे से नीचे उतारकर नीमच जिला अस्पताल भिजवाया। शनिवार रात शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया था। रविवार सुबह बघाना पुलिस की मौजूदगी में जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों के पैनल द्वारा मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया गया।
युवक ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
बघाना थाना पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को गंभीरता से जांच में लिया है। इसके तहत मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर खुदकुशी के असली कारणों का पता लगाया जाएगा।

