गुना 31 मई (आरएनएस)।कोतवाली थाना अंतर्गत हड्डी मील क्षेत्र में 25 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान आफरीन के रूप में हुई है, जिसका मायका श्योपुर में है। घटना के बाद से ही मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
महिला के पिता और मायके पक्ष का आरोप है कि आफरीन को पिछले करीब 4 सालों से लगातार प्रताडि़त किया जा रहा था। आफरीन का पति सरफराज आए दिन नशा करके उसके साथ मारपीट करता था और लगातार दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
मायके पक्ष ने आशंका जताई है कि आफरीन की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाया गया है।
परिजनों ने दावा किया है कि उनके हाथ घटना का एक वीडियो लगा है, जिसमें आफरीन के पैर जमीन से टिके हुए दिखाई दे रहे हैं और गले में काली रस्सी का फंदा बंधा हुआ है। इस आधार पर उन्होंने मामले में गहरी साजिश की बात कही है।
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि जब आफरीन का शव फंदे पर लटका हुआ देखा गया, उस समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।
मृतिका के पिता ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच करने की गुहार लगाई है, ताकि सच सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
पुलिस ने रविवार सुबह आफरीन के शव का पोस्टमार्टम कराया है और जांच शुरु कर दी है।

