सीहोर 31 मई (आरएनएस)।शहर के चर्च मैदान पर जिला फुटबाल एसोसिएशन के तत्वाधान में खेली जा रही जूनियर ब्लाक स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का लीग मैच रविवार की शाम को डीएसवायडब्ल्यु और अम्बेडकर फुटबाल टीम के मध्य मैच खेला गया। इस मैच में डीएसवायडब्ल्यु ने 3-1 से जीत हासिल की। इस मौके पर एसोसिएशन की ओर से मनोज कन्नोजिया, सीनियर कोच आनंद उपाध्याय, कमलेश अग्रवाल, मनोज दीक्षित मामा, सुयश कन्नोजिया, मनोज अहिरवार, दीपक आदि ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और सीनियर खिलाड़ी रह चुके धर्मेन्द्र राठौर के आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन कर श्रद्धांजली अर्पित की।
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि रविवार की शाम को खेले गए एक तरफा मुकाबले में डीएसवायडब्ल्यु के स्ट्राइकर युवराज ने हाफ से पहले लगातार 3 गोल किए थे। जिसके कारण टीम पूरे समय शानदार प्रदर्शन करती रही और अम्बेडकर टीम के खिलाडिय़ों पर हावी रही। डीएसवायडब्ल्यु ने अम्बेडकर फुटबाल टीम को 3-1 से हराया। इसमें डीएसवायडब्ल्यु की ओर से 3 गोल युवराज ने किए, वहीं अम्बेडकर की ओर से एक मात्र गोल मयंक ने किया।

