जबलपुर 31 मई (आरएनएस)। सुहागी क्षेत्र स्थित सेंट मैरी स्कूल में रविवार को कथित धर्मांतरण की शिकायत को लेकर हिंदू संगठनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि जन समस्या निवारण संस्थान की आड़ में लोगों को बहलाकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं के अनुसार स्कूल परिसर में बने चर्च में प्रार्थना सभा चल रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के महिला-पुरुष भी मौजूद थे। पूछताछ के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बताया कि वे पिछले तीन-चार वर्षों से यहां प्रार्थना के लिए आ रहे हैं। कुछ लोगों ने अपना उपनाम दाहिया तो कुछ ने सिंह बताया।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि चर्च में ईसाई समुदाय के लोगों के बीच बैठाकर धर्म सभा आयोजित की जा रही थी और लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। प्रदर्शनकारियों ने आधारताल थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और उच्च स्तरीय जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित सेंट मैरी स्कूल में चर्च के अंदर प्रार्थना सभा हो रही है, जहां बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद हैं। मौके पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जब लोगों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा आर्थिक मदद की गई थी और इसी कारण वे वहां आने लगे।
कार्यकर्ता राजकुमार ने आरोप लगाया कि ईसाई समुदाय के कुछ लोग आर्थिक रूप से कमजोर और परेशान लोगों को सहायता का भरोसा देकर उनसे संपर्क करते हैं और बाद में उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं। उनका कहना है कि यह गतिविधियां पिछले दो वर्षों से चल रही हैं। प्रार्थना सभा में आने वालों से कहा जाता है कि “प्रभु को मानने से सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी।”
मामले में हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच की जा रही है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने कुछ वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं, जिनमें लोग चर्च के अंदर बैठे दिखाई दे रहे हैं।

