भोपाल 31 मई (आरएनएस)।नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय एवं उत्पादन स्थलों पर सतत् रूप से निगरानी की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने रविवार को भदभदा चौराहा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से संचालित कुल्फी फैक्ट्री पर बड़ी कार्यवाही करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया और परिसर में तालाबंदी की कार्यवाही भी की। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने स्वच्छता एवं जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत सम्पूर्ण शहर में खाद्य एवं पेय पदार्थों के निर्माण स्थल सहित विक्रय एवं भंडार स्थलों का निरीक्षण अभियान के रूप में करने व स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए है।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन द्वारा शहर में स्वच्छता एवं जन स्वास्थ्य के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने व निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने संबंधी निर्देशों के परिपालन में निगम के जोन क्र. 21 के अमले ने रविवार को भदभदा क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भदभदा चौराहा स्थित मदरसा एवं मस्जिद के मध्य शेडनुमा भवन में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कुल्फी की फैक्ट्री संचालित होती पाई गई। उक्त कुल्फी फैक्ट्री में अत्यंत गंदगी भी पाई गई साथ ही कुल्फी बनाने में उपयोग किए जा रहे बर्तन व अन्य सामग्री भी गंदी पाई गई। निगम अमले ने पाया कि उक्त फैक्ट्री में स्वच्छता एवं जन स्वास्थ्य से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। जिस पर निगम अमले ने उक्त फैक्ट्री के संचालक शकील खान के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया तथा परिसर में ताला भी लगाया और कुल्फी निर्माण में प्रयुक्त बर्तन व अन्य सामग्री भी जप्त की।
विदित हो कि कुछ समय पूर्व ही भदभदा क्षेत्र से बड़ी संख्या में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही भी की गई थी।

