भोपाल 31 मई (आरएनएस)।राजधानी के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली एक अवैध आइसक्रीम फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। भदभदा चौराहे के पास मस्जिद के बगल में स्थित इस फैक्ट्री पर नगर निगम ने छापामार कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। फैक्ट्री का सारा कच्चा माल और मशीन जप्त कर ली गई, आइसक्रीम और बर्फ के सैंपल लैब में टेस्ट के लिए भेजे गए हैं, संचालक शकील खान पर 10 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि भदभदा चौराहे पर स्थित मस्जिद के बगल में संचालित इस संदिग्ध फैक्ट्री की शिकायत क्षेत्रीय विधायक भगवानदास सबनानी से की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक सबनानी ने तत्काल नगर निगम के आला अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जब नगर निगम का दस्ता फैक्ट्री के भीतर पहुँचा, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। अत्यधिक गंदगी फैक्ट्री में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में आइसक्रीम बनाई जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां आइसक्रीम जमाने के लिए उस बर्फ का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसका उपयोग मृत मछलियों को सुरक्षित रखने के लिए किया जाता है। यह फैक्ट्री बिना किसी अनुमति के चोरी-छिपे संचालित की जा रही थी।
अभी कुछ दिन पहले ही नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई थी।

