बिलासपुर, 01 जून (आरएनएस)। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में घर और जमीन खाली कराने के लिए लगातार दबाव, गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकियों से परेशान होकर जहर खाने वाले व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा जोड़ते हुए कार्रवाई की है।
डीएसपी डीआर टंडन ने बताया कि ग्राम फरहदा बजरंग चौक निवासी परमेश्वरी पटेल ने शुक्रवार को सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वे और उनका परिवार सरकारी जमीन पर बने मकान में रह रहे हैं। पड़ोस में रहने वाला बलराम यादव एक बुजुर्ग महिला को साथ लेकर उनके घर पहुंचा और जमीन को उसका बताते हुए मकान खाली करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने घर में घुसकर अश्लील गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना से आहत परमेश्वरी के पति कनक पटेल ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी लंबे समय से कनक पटेल और उनके परिवार को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त कर रहा था। मौत के बाद मामले में बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना) जोड़ी गई। अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी बलराम यादव को सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गनियारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

