धमतरी 1 जून (आरएनएस) अवैध शराब कारोबारियों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि चार अलग-अलग कार्रवाई में पांच आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए और हजारों रुपये की शराब व वाहन पुलिस के कब्जे में आ गए। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर भखारा, मगरलोड और कुरूद पुलिस ने एक के बाद एक दबिश देकर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत बड़ी कार्रवाई की।
भखारा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी क्रमांक CG 05 AS 9740 को रोककर जांच की। स्कूटी से 30 पौवा देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई। पुलिस ने ग्राम बगदेही निवासी 32 वर्षीय दिनेश साहू और 23 वर्षीय वेद प्रकाश सेन को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 2,400 रुपये की शराब और 50 हजार रुपये की स्कूटी समेत कुल 52,400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इसी थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई के दौरान ग्राम हंचलपुर इलाके में अवैध महुआ शराब बेच रही 41 वर्षीय हेमेश्वरी बंजारे निवासी कोपेडीह को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
उधर मगरलोड पुलिस ने ग्राम परसाबुड़ा कमारपारा पुलिया के पास दबिश देकर 27 वर्षीय बलराम कमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। वहीं कुरूद पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से शराब परिवहन कर रहे 35 वर्षीय नोहर सिंह साहू निवासी बगदेही को दबोचा। आरोपी के कब्जे से 40 पौवा शोले देशी मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।
सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बहरहाल, धमतरी पुलिस का साफ संदेश है कि जिले में नशे और अवैध कारोबार का धंधा करने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।

