भोपाल 1 जून (आरएनएस)।नशे के लिए कफ सिरप का अवैध कारोबार एक फैक्ट्री तक सीमित नहीं, बल्कि संगठित नेटवर्क के रूप में संचालित हो रहा था। इसका खुलासा तब हुआ जब गांधी नगर में अवैध री-पैकिंग फैक्ट्री पकड़े जाने के दो दिन बाद एसटीएफ ने मुबारकपुर के एक मकान से 23,125 कफ सिरप की शीशियां बरामद की।
यह कार्रवाई गांधी नगर से पकड़े गए मुख्य आरोपी अकील खान और आकाश भाटी से पांच दिन की पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के आधार पर की गई। एसटीएफ ने मुबारकपुर से 22,155 ऑफ-कफ और 970 ऑनरेक्स कफ सिरप की शीशियां जब्त की हैं।
इनकी कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। गांधी नगर से बरामद 49,920 शीशियों को मिलाकर अब तक कुल 73,045 शीशियां जब्त हो चुकी हैं। सभी शीशियां 100-100 मिलीलीटर की हैं। यानी अब तक करीब 7,305 लीटर कफ सिरप जब्त हो चुका है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक है।
गांधी नगर से पकड़े गए आरोपियों ने बताया था कि काम करीब एक साल से चल रहा था। वहां से बरामद 49,920 शीशियों को केवल एक सप्ताह का स्टॉक बताया गया था। डीआईजी राहुल लोढ़ा के मुताबिक जांच अब केवल अवैध भंडारण या री-पैकिंग तक सीमित नहीं है। एसटीएफ पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

