भोपाल 1 जून आरएनएस)।देश में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने को दृष्टिगत रखते हुए राज्य शासन द्वारा आगामी खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनाÓ के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मंत्रि-परिषद के सदस्यों की एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। राज्य के किसानों को इस कारण से होने वाली समस्याओं के निराकरण के लिये यह समिति उर्वरकों की उपलब्धता, उनके मूल्य नियंत्रण और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सुचारू संचालन के संबंध में विचार-विमर्श कर राज्य सरकार को सुझाव देगी।
उच्च स्तरीय समिति में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना और सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग शामिल हैं। कृषि उत्पादन आयुक्त को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है।

