धमतरी 2 जून (आरएनएस) अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि जिलेभर में एक साथ हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई में 10 प्रकरण दर्ज हुए, 10 आरोपी गिरफ्तार हुए और हजारों रुपये की शराब व नगदी जब्त कर नशे के सौदागरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के सख्त निर्देश पर नगरी, कुरूद, भखारा, मगरलोड, सिहावा, करेलीबड़ी और बिरेझर सहित जिले के कई थाना-चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तीन मामलों में अंजू कुमार नेताम (34) निवासी कमारपारा संबलपुर, धनराज नेताम (20) निवासी अमाली कमारपारा नगरी और खुबलाल निषाद (25) निवासी सेमरा-बी कुरूद को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से कच्ची महुआ शराब, देशी शराब और बिक्री की नगदी रकम बरामद हुई। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं धारा 34(1)(ख) और 34(ए) के तहत सात अलग-अलग मामलों में भरतराम साहू, प्रकाश पटेल, योगेश कुर्रे, चन्द्रकुमार कमार, जीवन मरकाम, पंकज कुमार गुप्ता और मुकेश कुमार मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से देशी, अंग्रेजी और कच्ची महुआ शराब के साथ बिक्री से प्राप्त रकम भी जब्त की। पूरे अभियान में कुल 12,320 रुपये की शराब और 2,470 रुपये की नगदी सहित 14,790 रुपये की सामग्री बरामद की गई। धमतरी पुलिस का कहना है कि अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों में ही आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के सात प्रकरणों में आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। बहरहाल, धमतरी पुलिस का संदेश साफ है—नशे का कारोबार करने वालों के लिए जिले में अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

