जांजगीर-चांपा, 02 जून (आरएनएस)। चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से बिजली के तार और सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली तार, 750 रुपये नकद और तार काटने का कटर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, कोरवा पारा निवासी सौरव कुमार सराफ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान में चोरी की घटना हुई है। चौकीदार की सतर्कता के चलते एक आरोपी को मौके पर ही बिजली तार और कटर के साथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पहले भी उसी मकान से करीब 30 हजार रुपये मूल्य के बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया।
इसी दौरान मारूति टाउनशिप स्थित एक अन्य निर्माणाधीन मकान से सीसीटीवी कैमरा और बिजली तार चोरी होने की शिकायत भी पुलिस को मिली थी। दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया।
जांच में खुलासा हुआ कि चोरी किए गए बिजली तारों को जलाकर उसमें से निकाले गए कॉपर वायर को बेच दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक दास महंत (23 वर्ष), नारायण चौहान (19 वर्ष) तथा चोरी का माल खरीदने वाला मदन लाल बरेठ (35 वर्ष) शामिल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

