भोपाल 2 जून (आरएनएस)।नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सी.एम. हेल्पलाईन, महापौर हेल्पलाईन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण तथा निगम की नियमित कार्यवाही के तहत विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ठेले, अवैध रूप से बनें चबूतरे, दुकानों के बाहर रखा सामान, अवैध रूप से बनें टपरे, आईसक्रीम की गाड़ी, बागड़ आदि को हटाया और ठेले, टेबिल, बोर्ड, डमी आदि किये जप्त। निगम अमले ने संपदा संचालनालय की कार्यवाही में सहयोग करते हुए तुलसी नगर में 48 आवासों में बेदखली की कार्यवाही कराई साथ ही जिला प्रशासन की कार्यवाही में सहयोग देकर पुरानी सब्जी मंडी में 01 फल की दुकान खाली कराकर तालाबंदी कराई।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने मंगलवार को कोलार कान्हाकुंज, निर्मलादेवी गेट, ललिता नगर, डीमार्ट, गरीब नगर, न्यू मार्केट, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, केम्पियन स्कूल, बांसखेड़ी, हबीबगंज थाना, रानी कमलापति रेल्वे स्टेषन, एम.पी. नगर जोन-1, शैतान सिंह चौराहा, अवधपुरी, इन्द्रपुरी सी-सेक्टर, रायसेन रोड पटेल नगर, अयोध्या बायपास, प्रभात चौराहा, पुष्पा नगर, जहांगीराबाद, चौक बाजार, ईदगाह हिल्स, संजय नगर, छोला दषहरा मैदान, करोंद विष्वकर्मा नगर, करोंद चौराहा, नवीबाग आदि क्षेत्रों में कार्यवाही करते हुए बड़ी संख्या में ठेले, गुमठियां, दुकानों के बाहर रखा सामान, अवैध रूप से खड़ी आईसक्रीम की गाड़ी, अवैध रूप से बने चबूतरे हटाये तथा अवधपुरी बीडीए रोड पर 01 तथा अयोध्या बायपास से 04 अवैध टपरे हटाए तथा कोलार रोड कान्हा कुंज क्षेत्र में अवैध रूप से लगी बागड़ हटाई। निगम अमले ने उक्त कार्यवाही के दौरान 07 ठेले, 03टेबिल, 03 डमी, 01 बोर्ड, कैरेड आदि जप्त किये।
इसके अतिरिक्त निगम अमले ने संपदा संचालनालय की कार्यवाही में सहयोग करते हुए तुलसी नगर स्थित 48 शासकीय आवासों में अवैध रूप से निवासरत रहवासियों से आवास खाली कराये और तालाबंदी की साथ ही जिला प्रशासन की कार्यवाही में सहयोग करते हुए उत्तर विधानसभा के अंतर्गत पुरानी सब्जी मंडी में 01 फल की दुकान खाली कराकर तालाबंदी कराई।

