जिलाध्यक्ष भाजपा डबवाली रेणु शर्मा की अध्यक्षता में ग्रहण की पार्टी की सदस्यता
सिरसा 3 जून (आरएनएस)। डबवाली में नगर परिषद चुनावों में जजपा की ओर से चेयरमैन पद के लिए प्रत्याशी रहे प्रवीण सोनी ने बुधवार को डबवाली जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा की अध्यक्षता में सीएम आवास पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी का पटका पहनाकर प्रवीण सोनी का स्वागत किया और पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने के प्रति आश्वास्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी किसी भी पद पर बैठा सकती है। यहां सभी कार्यकर्ता एक परिवार की भांति रहते हैं। प्रवीण सोनी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर ही उन्होंने ये कदम उठाया है और प्रयास रहेगा कि संगठन को डबवाली में अधिक से अधिक मजबूती प्रदान की जाए। जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा ने कहा कि डबवाली नगर परिषद चुनावों में प्रवीण सोनी ने जजपा की ओर से चेयरमैन पद का चुनाव लड़ा था और 6 से 7 हजार मत प्राप्त किए थे। जजपा के वर्तमान में हुए हश्र के बाद प्रवीण सोनी ने पार्टी छोडऩे का मन बनाया और भाजपा में आस्था जताई। रेणु शर्मा ने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार लगातार जनकल्याणकारी नीतियों से देश व प्रदेश की जनता को लाभांवित कर रही है। केंद्र व राज्य की नीतियों की ही परिणाम है कि अधिकतर राज्यों में एकतरफा भाजपा की सरकार बन रही है। लोगों में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है और लगातार भाजपा का परिवार तीव्र गति से बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवीण सोनी की नियुक्ति डबवाली में भाजपा के लिए संजीवनी का काम करेगी। इस मौके पर अन्य पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

