रुड़की 3 जून (आरएनएस)। भारतीय किसान यूनियन (रोड) ने किसानों की समस्याओं को लेकर गांव-गांव किसान पंचायत आयोजित करने का अभियान शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत बुधवार को गुम्मावाला गांव से की गई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न गांवों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के आधार पर जल्द ही जिला स्तरीय महापंचायत आयोजित की जाएगी। वहीं किसानों की लंबित मांगों को लेकर राजधानी घेराव कार्यक्रम की भी तैयारी की जा रही है, जिसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। गुम्मावाला स्थित मतलूब की चौपाल पर आयोजित किसान पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू रोड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि कुछ संगठन किसानों को भ्रमित कर अपने स्वार्थ सिद्ध करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि उनका संगठन केवल किसानों के हितों की लड़ाई लडऩे के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनमें इकबालपुर शुगर मिल पर गन्ना भुगतान, स्मार्ट मीटरों पर रोक, ट्यूबवेलों के लिए मुफ्त बिजली, बिजली सरचार्ज माफी तथा चकबंदी संबंधी समस्याएं प्रमुख हैं। इन मांगों को लेकर जल्द ही हजारों किसान राजधानी की ओर कूच करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार कुशवाह ने कहा कि संगठन द्वारा गांव-गांव किसान पंचायतों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि किसानों की समस्याओं को सीधे सुना जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक किसानों ने बिजली, पानी और खाद से जुड़ी अनेक समस्याएं सामने रखी हैं। इन मुद्दों को लेकर जल्द ही जिला स्तर पर एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप त्यागी ने कहा कि भाकियू रोड का उद्देश्य किसानों की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाना है तथा संगठन किसानों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव विकास शर्मा, राकेश अग्रवाल, वारिस मलिक, जावेद, शहजाद कारी, प्रवीण कुशवाह, अनिल पुंडीर, मेहरबान, इस्तखार, राकेश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

