भिलाई, 03 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की अवैध बिक्री करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की हेरोइन, नकदी और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 2 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिरसा गेट यात्री प्रतीक्षालय के पास एक महिला हेरोइन बेच रही है। सूचना के आधार पर थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रुजी कोर (50 वर्ष), निवासी खुर्सीपार जोन-03 बताया। महिला आरक्षक द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 5.80 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 20,900 रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के मुताबिक जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत 5 लाख 80 हजार रुपये है। नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल जब्ती की कीमत 6 लाख 12 हजार 900 रुपये आंकी गई है।
आरोपी महिला के खिलाफ थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(क) एवं 27(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

