रायपुर/सूरजपुर, 03 जून (आरएनएस)। सीतापुर नायब तहसीलदार मारपीट मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले में दो आरोपियों के सरेंडर करने के बाद छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार 4 जून से अपने नियमित कार्यों पर लौटेंगे।
संघ ने बताया कि राज्य प्रशासन के सहयोगात्मक रुख और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को देखते हुए आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया गया है। प्रशासन की ओर से शेष आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन ने 15 दिनों के भीतर मामले में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। इसी आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की घटना के विरोध में प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आंदोलन पर थे, जिससे राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब आंदोलन समाप्त होने से आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है और राजस्व कार्यालयों में कामकाज फिर से सामान्य हो सकेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

