रायपुर, 03 जून (आरएनएस)। रायपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे मेजर री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत यात्री सुविधाओं में महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्टेशन की फोर-व्हीलर पार्किंग को पुराने स्थान से हटाकर एक्सप्रेस-वे के समीप नए स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने चार पहिया वाहनों को केवल निर्धारित नए पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन के आधुनिकीकरण और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए पार्किंग व्यवस्था में यह बदलाव आवश्यक था। पुराने पार्किंग क्षेत्र में निर्माण कार्य चलने के कारण वहां वाहनों की आवाजाही से यात्रियों को परेशानी होने की आशंका थी। नए पार्किंग स्थल को इस तरह विकसित किया गया है कि यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने और लौटने में सुविधा मिले तथा यातायात भी सुचारू बना रहे।
अधिकारियों ने बताया कि नए पार्किंग क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में वाहनों के लिए स्थान उपलब्ध है। इसके साथ ही यात्रियों को छोडऩे और लेने की व्यवस्था भी यथावत रखी गई है, जिससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पार्किंग क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक स्टाफ की तैनाती भी की गई है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुराने पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने से निर्माण कार्य प्रभावित हो सकता है और यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी यात्रियों से सहयोग की अपील की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में पोस्टर, संकेतक और दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव स्टेशन के दीर्घकालिक विकास और बेहतर यात्री सुविधाओं के उद्देश्य से किया गया है। पुराने पार्किंग स्थल को खाली किए जाने से निर्माण कार्यों में तेजी आएगी और भविष्य में यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त रेलवे स्टेशन का लाभ मिलेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से नए पार्किंग स्थल का उपयोग करने तथा स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में सहयोग देने की अपील की है, ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

