भोपाल 3 जून (आरएनएस)। पिपलानी थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के विवाद के दौरान एक महिला पर तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। 30 मई की शाम आलम नगर में आरोपी ने कथित तौर पर महिला की गर्दन पर तलवार से वार करने की कोशिश की। महिला ने बचाव में हाथ आगे कर दिया, जिससे उसकी जान बच गई। बुधवार को पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास में एफआईआर दर्ज की है।
पीडि़त महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उनकी हत्या करना चाहते थे। हमले में महिला के हाथ की हड्डी टूट गई है। शरीर पर कई गंभीर चोटें भी आई हैं। घायल का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।
30 मई की शाम करीब 4 बजे शिकायतकर्ता शकील खान की पत्नी परवीन खान और पड़ोसी फरीन के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि फरीन अक्सर गाली-गलौज करती थी। घटना वाले दिन भी गाली देने पर परवीन ने विरोध किया। शिकायत करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई।
पीडि़त महिला शिकायत करने के लिए घर से नीचे अपनी गाड़ी के पास पहुंची। इसी दौरान आरोपी मुजाहिद उर्फ वल्ली वहां पहुंचा।
आरोप है कि उसने अपने पीछे तलवार छिपाकर रखी थी। उसने तलवार निकाली और पीडि़त पर हमला कर दिया। वार गर्दन पर किया गया, लेकिन महिला ने बचाव में हाथ आगे कर दिया, जिसके बाद वह घायल हो गई। वहीं परवीन ने बताया कि मुजाहिद मेरी हत्या करना चाहता था।
पिपलानी थाना पुलिस ने मुजाहिद उर्फ वल्ली और फरीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है।

