भोपाल 3 जून (आरएनएस)। बागसेवनिया थाना क्षेत्र में एक होटल में दो युवक और दो युवतियों के मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा कर दिया। मामला साकेत नगर स्थित एसएसजी होटल का है।
संगठनों के कार्यकर्ताओं के अनुसार, उन्हें बुधवार दोपहर को सूचना मिली थी कि दो युवक अपनी पहचान छिपाकर होटल पहुंचे हैं। उनके साथ दो युवती हैं और होटल में कमरा बुक किया है।
सूचना के बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और होटल में जांच की। इस दौरान युवक की पहचान एक वर्ग विशेष के व्यक्ति के रूप में होने का दावा किया गया। जबकि दूसरा युवक वर्ग विशेष का नहीं था।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवकों के पास से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। युवकों की पहचान अंकित और सैफ के रूप में की गई है। दोनों एसी सुधारने का काम करते हैं।
बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवतियों की उम्र से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि होटल संचालक की लापरवाही सामने आती है तो सराय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

